दीपका/रायगढ़।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहान को पत्र लिखकर 2 लाख रुपए तक के निविदा कार्यों को पुनः पूर्व की तरह सुचारू रूप से संचालित किए जाने की मांग की है।
अपने पत्र में तिवारी ने कहा कि SECL की सभी इकाइयों में पहले छोटे कार्य स्थानीय स्तर पर करवाए जाते थे, जिससे क्षेत्र के छोटे परिवारों, बेरोजगार युवाओं और कोल इंडिया की सहायक कंपनियों में कार्यरत मजदूरों के पुत्रों को रोजगार के अवसर मिलते थे। लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था प्रभावित होने से स्थानीय स्तर पर बेरोजगारी बढ़ गई है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्षों से क्षेत्र में रह रहे श्रमिकों के बेरोजगार पुत्रों और विस्थापितों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे सामाजिक असंतोष की स्थिति बनती जा रही है। इस विषय को पूर्व में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी के संज्ञान में भी लाया जा चुका है।तिवारी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि छोटे और आकस्मिक कार्यों के त्वरित निष्पादन के लिए स्थानीय ठेकेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ये ठेकेदार प्रबंधन और क्षेत्रीय स्तर के बीच सेतु का कार्य करते हैं, जिससे कार्यों का शीघ्र समाधान संभव होता है। वर्तमान में कई स्थानीय ठेकेदार कार्य के अभाव में आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
अंत में उन्होंने सह प्रबंध निदेशक से आग्रह किया कि 2 लाख रुपए तक के ठेका कार्यों को नियमित रूप से जारी करने के निर्देश सभी एरिया महाप्रबंधकों को दिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों का SECL प्रबंधन के प्रति विश्वास बना रहे और क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।

