कोरबा। कोरबा जिले के दीपका स्थित प्रगतिनगर यूनियन बैंक में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को यूनियन बैंक प्रगतिनगर के शाखा प्रबंधक ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a), 331(4) एवं 62 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर हरियाणा के रोहतक में दबिश दी। वहां से दो आरोपी जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष), निवासी रोहतक, हरियाणा।परवीन कुमार (36 वर्ष), निवासी रोहतक, हरियाणा।को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दीपका लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

