दीपका /एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र में चल रही हड़ताल आखिरकार स्थगित कर दी गई है। प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच हुई अहम बैठक में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया। लंबे समय से लंबित समस्याओं पर हुई इस वार्ता को क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। बैठक में एसईसीएल प्रबंधन की ओर से अधिकारी धीरज चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे, वहीं पीएनसी कंपनी की ओर से एचआर अशोक राय और मैनेजर अजय पाल शामिल हुए। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल ने कर्मचारियों, मजदूरों और भू-प्रभावित परिवारों की समस्याओं को मजबूती से रखा। बैठक में प्रमुख रूप से भू-प्रभावित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता, पेटी कॉन्ट्रैक्टरों को एचपीसी दर के अनुसार भुगतान, मजदूरों और ड्राइवरों को समय पर वेतन तथा लंबित गेट पास जारी करने जैसी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रबंधन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रबंधन के आश्वासन के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। बैठक में जिला संयोजक अतुल दास महंत और कैलाश साहू सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। यह निर्णय क्षेत्र के सैकड़ों मजदूरों, ड्राइवरों और भू-प्रभावित परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय में मांगों पर अमल नहीं हुआ तो भविष्य में और उग्र आंदोलन किया जा सकता है। फिलहाल संगठन ने सभी से शांति बनाए रखने और स्थिति पर नजर रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!