कोरबा/बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने मिनिस्ट्रियल स्टाफ संवर्ग के अंतर्गत सामान्य लिपिक (क्लर्क) ग्रेड-III पद के लिए चयनित कर्मचारियों की सूची जारी कर दी है। विभागीय लिखित परीक्षा के आधार पर कुल 29 कर्मचारियों का चयन किया गया है।
चयनित कर्मचारियों को 30 दिनों के भीतर अपने संबंधित क्षेत्र में पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, चयनित कर्मचारियों को NCWA-11 के प्रावधानों के तहत वेतनमान प्रदान किया जाएगा। साथ ही नियुक्ति के बाद एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि भी निर्धारित की गई है। यदि निर्धारित समय सीमा में कर्मचारी पदभार ग्रहण नहीं करते हैं तो उनका चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा।
चयन सूची में दीपका, गेवरा, कुसमुंडा, कोरबा, हसदेव, रायगढ़, चिरमिरी, जोहिला, भटगांव, बिश्रामपुर और एसईसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारियों को शामिल किया गया है।इधर, चयन सूची जारी होने से पहले साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक), गेवरा क्षेत्र ने महाप्रबंधक को तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा था। संगठन ने मांग की थी कि क्लर्क ग्रेड-III चयन प्रक्रिया में परीक्षा उत्तीर्ण लेकिन पद से वंचित कर्मचारियों को भी रिक्त पदों पर अवसर दिया जाए।
इसके अलावा हायर सेंटर अस्पताल रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने तथा ऊर्जा नगर, दीपका कॉलोनी और आजाद चौक क्षेत्र की जर्जर सड़कों का शीघ्र निर्माण कराने की भी मांग रखी गई थी।इंटक अध्यक्ष डी.के. मिश्रा ने कहा कि कई कर्मचारी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद पदोन्नति से वंचित रह गए हैं। उन्होंने प्रबंधन से पात्र कर्मचारियों को रिक्त पदों पर समायोजित करने की मांग की है।
फिलहाल SECL द्वारा जारी चयन सूची के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है, वहीं चयन से वंचित कर्मचारियों की ओर से भी आगे की प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।


