कोरबा/कुसमुंडा। एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना में रविवार रात हुए दर्दनाक हादसे में कर्मचारी प्रेम सिंह ध्रुव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह ध्रुव रोड सेल विभाग में कोयला लोडिंग के लिए आए थे। इसी दौरान रोड सेल के ट्रेलर की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद करीब दो दिनों तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई। इस बीच सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें हादसे को लेकर कई तरह के दावे किए गए। वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद अब एसईसीएल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी सनिश चंद्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुसमुंडा खदान में रोड सेल के ट्रेलर की चपेट में आने से प्रेम सिंह ध्रुव घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इस हादसे के बाद खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या किसी स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!