कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक 2 वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान केशव (2 वर्ष), पिता दिनेश कुमार, निवासी रामपुर बस्ती के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, मासूम केशव अपने माता-पिता के साथ मजदूरी के लिए लालघाट गया हुआ था। बताया जा रहा है कि नाला पार करने के बाद उसके पिता आगे निकल गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान मां को नींद आ गई और जब उसकी आंख खुली तो केशव वहां नहीं था। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की।प्रारंभिक आशंका है कि मां के सो जाने के दौरान मासूम खेलते-खेलते नाले में चला गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।बालको थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी डेंगूनाला में तेज बहाव के दौरान एक दंपती बह गया था। उस हादसे में पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रही थी।लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा विशेष रूप से बच्चों पर लगातार नजर रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!