
बिलासपुर। समाज में शोक को सेवा में बदलने की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए मिश्रा परिवार ने मुंगेली रोड व्यापारी महासंघ को ₹10 लाख मूल्य का अत्याधुनिक शव वाहन भेंट किया है। यह सराहनीय पहल सेवानिवृत्त फोरमैन अश्वनी कुमार मिश्रा और उनके पिता दुर्गा प्रसाद मिश्रा ने अपने दिवंगत पुत्र स्वर्गीय नितिन कुमार मिश्रा की पुण्य स्मृति में की।
आयोजित गरिमामयी समारोह में यह शव वाहन औपचारिक रूप से महासंघ को समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मिश्रा परिवार के इस मानवीय कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।बताया गया कि दीपिका खदान से सेवानिवृत्त फोरमैन अश्वनी कुमार मिश्रा के पुत्र नितिन कुमार मिश्रा का अल्प आयु में आकस्मिक निधन हो गया था। इस अपूरणीय क्षति के बाद परिवार ने यह संकल्प लिया कि पुत्र की स्मृति को केवल यादों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उसे समाज सेवा से जोड़ा जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसी उद्देश्य से मिश्रा परिवार ने मुंगेली रोड व्यापारी महासंघ की निःशुल्क शव वाहन सेवा को मजबूत करने के लिए यह अत्याधुनिक वाहन भेंट किया।
समारोह के दौरान महासंघ के संरक्षक अशोक अग्रवाल, सचिव राकेश दुआ, अनिल गुप्ता, गोपाल अग्रवाल सहित शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। महासंघ की ओर से दुर्गा प्रसाद मिश्रा और अश्वनी कुमार मिश्रा को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय नितिन कुमार मिश्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मिश्रा परिवार के इस निस्वार्थ योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

