

सक्ति। सक्ति जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि 29 जून को भीख मांगकर लौटने के दौरान दो लोगों ने उसे जबरन अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने महिला को जबरन महुआ शराब पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया।मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जैजैपुर थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

