दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा वार्ड क्रमांक 10 स्थित बस स्टैंड विकास कार्य एवं वार्ड क्रमांक 10-13 में पुष्प वाटिका के सामने प्रस्तावित चौपाटी निर्माण कार्य को लेकर अब विवाद गहराता नजर आ रहा है। नगर के तीन पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र सौंपकर दोनों विकास कार्यों के टेंडर पर तत्काल रोक लगाने, स्थल निरीक्षण कराने और वास्तविक स्थिति की जांच की मांग की है।

पत्र के अनुसार, नगर पालिका ने 4 मई 2026 को वार्ड क्रमांक 10 स्थित बस स्टैंड विकास कार्य के लिए लगभग 42.56 लाख रुपये तथा पुष्प वाटिका के सामने चौपाटी निर्माण के लिए करीब 32.49 लाख रुपये की निविदा जारी की है।

बस स्टैंड बना अवैध कब्जाधारियों का अड्डा।

पार्षदों का आरोप है कि वार्ड क्रमांक 10 का बस स्टैंड पिछले करीब 20 वर्षों से सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पाया है। बस स्टैंड परिसर में बनी दुकानों और स्थानों पर कथित रूप से प्रभावशाली लोगों एवं अवैध कब्जाधारियों का कब्जा है। साथ ही परिसर में भारी वाहन, ट्रक और अन्य व्यवसायिक वाहनों की पार्किंग होने से अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। बीस सालों से जो बस स्टैंड शुरू नहीं हुआ है उसमें अब लाखों का निविदा भ्रष्टाचार की ओर साफ इशारा कर रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बस स्टैंड परिसर में असामाजिक गतिविधियों और शराबखोरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

वहीं, पार्षदों ने पुष्प वाटिका निर्माण पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करीब 50 से 70 लाख रुपये की लागत से बनी पुष्प वाटिका आज तक आम जनता के लिए व्यवस्थित रूप से शुरू नहीं हो पाई है। साथ ही क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या अधिक होने और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी के कारण लोग वहां जाना पसंद नहीं करते। ऐसी स्थिति में पार्षदों ने चौपाटी निर्माण को अव्यवहारिक बताते हुए कहा है कि इससे केवल सरकारी राशि के दुरुपयोग और बंदरबाट की आशंका बढ़ेगी।

पार्षदों की प्रमुख मांगें बस स्टैंड विकास कार्य के टेंडर पर तत्काल रोक लगाई जाए बस स्टैंड को अतिक्रमण और अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए भारी वाहनों की पार्किंग हटाई जाए असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जाए बस स्टैंड को पहले व्यवस्थित रूप से शुरू कराया जाए प्रस्तावित चौपाटी स्थल का पुनः निरीक्षण कर स्थान परिवर्तन किया जाए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराई जाए इस पत्र पर वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद अविनाश कुमार यादव, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद राम जय सिंह एवं वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद ने हस्ताक्षर किए हैं।

पी आई सी में पास होने के बाद निकाली गई है निविदा – राजेंद्र राजपूत

इस मुद्दे पर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने कहा कि बस स्टैंड को सुचारू रूप से चालू करने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत जो अरेंजमेंट होना चाहिए उसे पूर्ण करने के लिए टेंडर निकाला गया है और यह मांग पिछले कई वर्षों से जारी है यहां तक की कांग्रेस के पार्षदों ने भी बस स्टैंड को चालू करने के लिए आवेदन दिया था

वही पुष्प वाटिका के पास चौपाटी निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि प्रगति नगर प्रवेश मार्ग में स्कूल के साथ-साथ अन्य गतिविधियों की वजह से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं और जाम की स्थिति बनी रहती है जिसे सुचारू रूप से संचालन के लिए यह निर्णय लिया गया है और यह सभी मुद्दों पर पी आई सी में स्वीकृति के बाद टेंडर निकाला गया है।

अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इन आरोपों और मांगों पर क्या कदम उठाता है। नगर में विकास कार्यों को लेकर उठे इस सवाल ने जनता के बीच भी नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!