गेवरा, गेवरा खदान क्षेत्र में केबल चोरी की एक बड़ी वारदात को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने समय रहते विफल कर दिया। सीआईएसएफ के जवानों ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, 16 जून की रात सीआईएसएफ के जवान गेवरा खदान के भीतर ब्रह्मपुत्र तालाब के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे 6 से 7 संदिग्ध व्यक्तियों का समूह वहां संचालित मोटर के विद्युत केबल को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहा था।पहले से घात लगाए बैठे सीआईएसएफ जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को चारों ओर से घेर लिया।

कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी पहाड़ी और अंधेरे क्षेत्र का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान कृष्णा दास (पिता सुमेर दास), निवासी भिलाई बाजार तथा देव प्रकाश (पिता राम), निवासी टिटघोटला के रूप में बताई।सीआईएसएफ ने दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के हवाले कर दिया है।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।सीआईएसएफ की इस मुस्तैदी से एसईसीएल की महत्वपूर्ण संपत्ति को नुकसान पहुंचने से बचाया जा सका। साथ ही खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बल की प्रतिबद्धता भी एक बार फिर साबित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!