
विजयनगर-बिंझरा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों एवं शिक्षा विभाग की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायत ढुरेना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक/माध्यमिक एवं हाईस्कूल विजयनगर-बिंझरा में नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ किया गया।
सत्र के प्रथम दिवस की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना एवं दीप भजन का आयोजन किया गया। इसके बाद कक्षाओं में अध्यापन कार्य प्रारंभ हुआ। प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने स्मार्ट टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, वृक्षारोपण तथा सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया।
मध्यान्ह भोजन के दौरान विद्यार्थियों ने भोजन मंत्र के साथ भोजन ग्रहण किया। इसके पश्चात आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती सुभद्रा कंवर, विशिष्ट अतिथि धजाराम चौहान (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति), दिलेराम कंवर एवं वीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्रीमती नीलू अवस्थी ने की।
समारोह के दौरान कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का चंदन तिलक लगाकर एवं दही-शक्कर खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान कर नवीन सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने शाला प्रबंधन समिति के नए प्रारूप की जानकारी देते हुए ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की।
वहीं समिति अध्यक्ष धजाराम चौहान ने मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में हाईस्कूल विद्यार्थियों को भी भोजन मंत्र के साथ शामिल करने का सुझाव दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों में श्रीमती लीली ग्रेस कुजूर, श्रीमती अलका सोनी, कमल मरकाम, डॉ. अनिता पटेल, श्रीमती सरस्वती कश्यप, श्रीमती मिनी मैथ्यू, श्रीमती वीणा पांडेय, श्रीमती भीमेश्वरी राठौर, श्रीमती ममता यादव एवं श्रीमती पुष्पलता महेश तथा कर्मचारियों में नकुल यादव एवं हरि पटेल का विशेष योगदान रहा।
छात्राओं शालिनी महंत एवं नंदिता चौहान ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।नवीन शिक्षा सत्र के पहले ही दिन विद्यालय में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति नया उत्साह दिखाई दिया।

