कुसमुंडा

कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज स्थानीय लोगों के लिए सुविधा कम, परेशानी ज्यादा बनता नजर आ रहा है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए कई मकानों पर बुलडोजर चलाकर लोगों को बेदखल तो कर दिया गया, लेकिन आज तक बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी निकासी का रास्ता नहीं बनने से बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे आसपास के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने निर्माण कार्य शुरू तो कर दिया, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं दिया।बेदखल हुए परिवारों का कहना है कि विकास के नाम पर उनके घर तोड़ दिए गए, लेकिन परियोजना से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। उनका सवाल है कि जब लोगों के घर हटाए गए, तो जल निकासी जैसी मूलभूत व्यवस्था अब तक क्यों नहीं की गई।

अब स्थानीय लोग एसईसीएल प्रबंधन और प्रशासन से जल्द से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान करने की मांग कर रहे हैं।फिलहाल लोगों की निगाहें एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन और प्रशासन पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान कब तक निकलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!