प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा दिनांक 01.07.26 को गेवरा स्थित क्षेत्रीय महाप्रबंधक के कार्यालय के समक्ष एक व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा लोगों को स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को एक प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही, नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ, सकारात्मक एवं संतुलित जीवन जीने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के बल सदस्यों के साथ-साथ एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई एसईसीएल बिलासपुर इकाई के इकाई प्रभारी, श्री रघुबीर नरेन, उप महानिरीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा एक अत्यंत घातक एवं विनाशकारी लत है, जो व्यक्ति के तन, मन और धन—तीनों को प्रभावित करती है। एक स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए हम सभी का यह दायित्व है कि हम स्वयं नशे से दूर रहें तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।”

उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों से नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!