गेवरा-दीपका। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपका एवं ब्लॉक युवा कांग्रेस द्वारा आजाद चौक, दीपका और गांधी उद्यान, बुधवारी बाजार में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री हरीश परसाई और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद शामिल हुए।

आजाद चौक में वरिष्ठ नागरिकों एवं महिला कांग्रेस की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। वहीं गांधी उद्यान में हरीश परसाई और तनवीर अहमद ने तिरंगा फहराया।ध्वजारोहण के बाद उपस्थित कांग्रेसजनों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में नजर आया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का संदेश साझा कियाकार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरीश परसाई ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज का संदेश उपस्थित लोगों के बीच साझा किया। उन्होंने अपने संबोधन में नीट परीक्षा में पेपर लीक, बिजली बिल की दरों में बढ़ोतरी, सरकारी स्कूलों के बंद होने और बढ़ती महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और संविधान की भावना को मजबूत करने का भी दिन है।

उन्होंने सभी से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।मिठाई बांटकर मनाई स्वतंत्रता दिवस की खुशीकार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आपसी भाईचारे के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।कार्यक्रम का संचालन विशाल शुक्ला ने किया, जबकि अनिरुद्ध सिंह ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मौजूद लोगों ने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!