गेवरा/कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से कर्मचारियों को अस्पताल रेफरल की जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, जिसे अब सरल कर दिया गया है। इस जीत का श्रेय इंटक ने अपनी लगातार उठाई गई मांग को दिया है।इंटक ने दावा किया है कि यह मुद्दा पहले प्रोजेक्ट स्तर, फिर एरिया स्तर और अंततः मुख्यालय में आयोजित इंडस्ट्रियल रिलेशंस (IR) बैठक में प्रमुखता से उठाया गया था। संगठन के अनुसार प्रबंधन ने कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए रेफरल प्रक्रिया को आसान बनाने का निर्णय लिया है।इंटक अध्यक्ष डी.के. मिश्रा ने इसे कर्मचारियों की जीत बताते हुए कहा कि पहले रेफरल के लिए कर्मचारियों को कई अधिकारियों और विभिन्न स्तरों पर हस्ताक्षर कराने पड़ते थे, जिससे इलाज में अनावश्यक देरी होती थी। अब प्रक्रिया सरल होने से गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।गौरतलब है कि इंटक ने अपने तीन सूत्रीय मांग पत्र में रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने, क्लर्क ग्रेड-3 चयनित कर्मचारियों को पदस्थापना देने तथा दीपका कॉलोनी की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग भी उठाई थी। इनमें से रेफरल प्रक्रिया पर प्रबंधन द्वारा सकारात्मक निर्णय लिए जाने के बाद संगठन ने इसे कर्मचारियों की बड़ी उपलब्धि बताया है।इंटक ने प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि संगठन की अन्य लंबित मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!