दीपका /दीपका नगर पालिका क्षेत्र में एलईडी लाइट और विद्युत पोल स्थापना कार्य को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। प्रकाश व्यवस्था को लेकर जनता पहले से परेशान है, वहीं अब 84 लाख रुपए के काम की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा जारी पत्र के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01, 04-05, 05-06, 06, 10 और 11 में किए गए कार्यों में भारी अनियमितता की शिकायत मिली है। आरोप है कि काम स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप नहीं हुआ और गुणवत्ता में भारी कमी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका ने तुरंत जांच दल का गठन कर दिया है। टीम में पार्षद अरुणीश तिवारी पार्षद इस्तखार अली इंजीनियर शिरिल भास्कर सचिन तेलंग हेमलाल भारिया शामिल हैं, जिन्हें 7 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि इस 84 लाख के कार्य को लेकर पार्षद कमलेश जायसवाल द्वारा शिकायत के बाद हमारे पोर्टल ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
पार्षद कमलेश जायसवाल और अविनाश सिंह की शिकायत के बावजूद नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
आम जनता के लगातार विरोध के बाद अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भी मैदान में उतर आई है और मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
शहरवासियों की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है। क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या मामला फिर ठंडे बस्ते में जाएगा—यह आने वाला वक्त बताएगा

