कोरबा | प्रदेश में गर्मी की शुरुआत होते ही बिजली विभाग की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। बढ़ते तापमान के साथ बिजली व्यवस्था पर दबाव साफ नजर आ रहा है। इसी बीच दीपका पाली रोड के झाबर क्षेत्र से एक घटना सामने आई है, जहां एक ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरा ट्रांसफार्मर जलकर खाक हो गया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूत्रों के मुताबिक ट्रांसफार्मर में आग लगने की मुख्य वजह लूज कनेक्शन मानी जा रही है। इसके साथ ही ओवरलोड भी एक बड़ा कारण बताया जा रहा है, जो इस तरह की घटनाओं को जन्म देता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रांसफार्मर ओवरलोड होता है, तो उसे ट्रिप करने की व्यवस्था होनी चाहिए। लेकिन या तो यह व्यवस्था नहीं है या फिर इसका सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

ट्रांसफार्मर जलने के कारण आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्या बिजली विभाग गर्मी के बढ़ते लोड को संभालने के लिए तैयार है या ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे? फिलहाल क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!