कोरबा | दीपका पाली रोड दीपका क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। दीपका पाली रोड स्थित काला मैदान के सामने दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सरकी मोड़, दीपका निवासी 40 वर्षीय मनीष सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक एक नाबालिग चला रहा था और उसकी रफ्तार काफी तेज थी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

