दीपका। कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका क्षेत्र में विद्युत पोल स्थापना एवं विस्तार कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता को लेकर प्रकाशित कोयलांचल पोर्टल की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त संचालक बिलासपुर के निर्देश पर नगर पालिका परिषद दीपका ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार फर्म पर सख्ती दिखाई है।

जारी आधिकारिक पत्रों के अनुसार वार्ड क्रमांक 01, 04, 05, 06, 10 एवं 11 में चल रहे विद्युत पोल स्थापना/विस्तार कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने, केबल की पर्याप्त गहराई नहीं रखने तथा कार्य की गुणवत्ता में कमी को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। ये शिकायतें समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आईं।

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा उप अभियंता को निर्देशित किया गया है कि वे मौके पर पहुंचकर तत्काल निरीक्षण करें और 3 दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कार्य केवल स्वीकृत प्राक्कलन एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही किया जाए।वहीं, ठेकेदार फर्म को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि यदि कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो अनुबंध शर्तों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और भुगतान भी रोका जा सकता है।

नगर पालिका प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों से तकनीकी निरीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद हरकत में आया प्रशासन यह दर्शाता है कि कोयलांचल पोर्टल की खबर ने मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर जिम्मेदारों को कार्रवाई के लिए मजबूर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!