मनेन्द्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ में आज भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने छापा मारकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और अकाउंटेंट को 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों द्वारा एक ठेकेदार से रिटर्निंग वॉल और सड़क निर्माण कार्य के बिल पास करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
ठेकेदार की शिकायत पर ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और जैसे ही आरोपी रिश्वत की रकम लेते पकड़े गए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।बताया जा रहा है कि लंबे समय से नगरपालिका में निर्माण कार्यों के बिल पास करने के नाम पर घूसखोरी की शिकायतें मिल रही थीं।
इस कार्रवाई के बाद पूरे नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।ACB की टीम दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए अंबिकापुर लेकर रवाना हो गई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई से साफ है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियां लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं और आने वाले समय में इस तरह की कार्रवाइयों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

