दीपका/कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका में चल रहे 84 लाख रुपये के स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब एक नया आरोप सामने आया है कि ठेकेदार द्वारा मानक के विपरीत मात्र 4 से 6 इंच गहराई के गड्ढे खोदकर केबल लाइन बिछाई जा रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इतनी कम गहराई में केबल बिछाने से वह आसानी से क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे भविष्य में शॉर्ट सर्किट, बिजली बाधित होने या हादसे की आशंका बनी रहेगी। लोगों का आरोप है कि यह काम गुणवत्ता से समझौता कर जल्दबाजी में पूरा किया जा रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें उथली खुदाई और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है और वे इस कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

जब इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से बातचीत की गई, तो उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं बरती जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि सभी काम निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्ता के आधार पर ही किए जा रहे हैं।

हालांकि, जमीनी हकीकत और अधिकारियों के दावों में अंतर को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर जहां लोग घटिया कार्य का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका इसे पूरी तरह नियमों के तहत बता रही है। ऐसे में अब इस मामले में निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग और तेज हो गई है।

लगातार बढ़ते विरोध और आरोपों के बीच अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। यदि समय रहते मामले की जांच नहीं हुई, तो यह विवाद और बड़ा रूप ले सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!