कोरबा। SECLकी गेवरा परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों पर हुए जानलेवा हमले को लेकर श्रमिक संगठन साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक) ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने प्रबंधन को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जारी पत्र के अनुसार, बीते दिनों गेवरा परियोजना में दो अलग-अलग घटनाओं में कर्मचारियों पर हमला किया गया। इनमें कर्मचारी बहुरन दास कंवर, पंप ऑपरेटर मोहन सिंह और पंप ऑपरेटर दुलार साय शामिल हैं, जिन पर प्राणघातक हमला और मारपीट की घटना सामने आई है।

इंटक के सचिव अनिल कुमार राठौर ने पत्र में कहा है कि इस प्रकार की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं और इससे कर्मचारियों में भय का माहौल बन रहा है। साथ ही, कर्मचारियों का प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों पर भरोसा भी कमजोर हो रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब खदान क्षेत्र में सुरक्षा के लिए एजेंसियां तैनात हैं, और करोड़ों रुपए खर्च प्रबंधन इन एजेंसियों पर कर रही है तब भी इस तरह की घटनाएं कैसे हो रही हैं।

संगठन ने मांग की है कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठित की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन कर्मचारियों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

इस घटना ने एक बार फिर गेवरा परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!