कोरबा। एसईसीएल की गेवरा खदान में कार्य के दौरान एक चालक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बहुरन दास ने बताया कि वह गेवरा खदान में विभागीय ट्रक चालक के रूप में कार्यरत हैं। ड्यूटी के दौरान खदान से लौटते समय उन्होंने अपने ट्रक से एक शिफ्ट वाहन को ओवरटेक किया।
आरोप है कि कुछ देर बाद जब वे क्वारी माइंस कार्यालय के पास पहुंचे, तो उक्त शिफ्ट वाहन में सवार लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उनके साथ जमकर मारपीट की गई। बहुरन दास के अनुसार, जिस वाहन को रोककर उनके साथ मारपीट की गई, उसमें करीब 20 से 22 डंफर ऑपरेटर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इतनी भीड़ में किसने कितना मारा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उन्हें 240 टन डंपर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, गेवरा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना ने खदान क्षेत्र में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। पीड़ित और अन्य चालकों ने संबंधित ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले की शिकायत संबंधित प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है। अब देखना होगा कि दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।

