शाजी थॉमस
दीपका/कोरबा जिले के दीपका खदान क्षेत्र से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है। खदान में कार्यरत एक चालक की बीती रात ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जीवराखन जांगड़े के रूप में हुई है, जो कलिंगा कॉरपोरेशन में पिछले पांच वर्षों से कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात खदान में कार्य के दौरान अचानक जीवराखन जांगड़े की तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें कैम्पर वाहन से फील्ड ऑफिस पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर श्रमिकों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिल रही है। अब सभी की निगाहें प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हुई हैं।

