कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के गुरुनानक वार्ड क्रमांक 11 में पाली रोड पर संचालित देसी-विदेशी शराब दुकान को घनी आबादी वाले क्षेत्र से हटाने की मांग तेज हो गई है।
इस संबंध में वार्ड पार्षद अविनाश सिंह ने जिला कलेक्टर कोरबा को आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद ने अपने आवेदन में बताया कि पाली रोड दीपका का मुख्य मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं एवं आम नागरिकों का आवागमन होता है। वहीं इसी मार्ग पर घनी आबादी के बीच देसी-विदेशी शराब दुकान संचालित होने से स्थानीय लोगों को भारी असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है, जिसके कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। दुकान के सामने आए दिन नशे की हालत में लोगों के बीच गाली-गलौज, विवाद और झगड़े की स्थिति बन जाती है, जिससे आम जनता को परेशानी होती है और कई बार सड़क पर तनावपूर्ण माहौल भी बन जाता है।
पार्षद अविनाश सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि इस शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए पूर्व में आबकारी विभाग को भी पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।ऐसे में उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पाली रोड स्थित देसी-विदेशी शराब दुकान को घनी आबादी वाले क्षेत्र से हटाने अथवा बंद करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इस मांग को लेकर क्षेत्र के वार्डवासी भी लंबे समय से नाराजगी जता रहे हैं और जल्द कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

