दीपका/कोरबा। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई है। किरण सिंग देव की सहमति एवं पवन साय के मार्गदर्शन में, साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिया के अनुमोदन तथा भाजपा कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा द्वारा भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कोरबा के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
घोषित सूची के अनुसार दीपका के युवा नेता सत्यम यादव को भारतीय जनता युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष (दीपका) नियुक्त किया गया है। वहीं नगर पालिका परिषद दीपका के पार्षद एवं विधायक प्रतिनिधि भाई सुजीत सिंह को भारतीय जनता युवा मोर्चा कोरबा का जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है।
सुजीत सिंह को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने की खबर से दीपका सहित पूरे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी।
स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सत्यम यादव को मंडल अध्यक्ष तथा सुजीत सिंह को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रदेश और जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों युवा नेता संगठन को मजबूती देने और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।

