कोरबा जिले की गेवरा खदान ( SECL ) में 22 फरवरी 2026 की रात पीएनसी कंपनी के बाउंसरों द्वारा ड्राइवर अजय दास के साथ कथित मारपीट और गुंडागर्दी की घटना के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
घटना से आक्रोशित ड्राइवरों ने एकजुट होकर काम बंद कर दिया है, जिससे परिवहन और कोयला लोडिंग का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, हड़ताल के कारण 24 घंटे से अधिक समय से काम बाधित रहा, जिससे SECL को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
मजदूरों का कहना है कि निजी कंपनियों के बाउंसरों द्वारा लगातार डराने-धमकाने और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मामले में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने जोरदार विरोध दर्ज कराया है। गैर-राजनीतिक संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल मौके पर पहुंचे, मजदूरों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और संगठन की ओर से पूर्ण समर्थन का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया और स्थानीय मजदूरों पर हो रहे अत्याचार को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

