दीपका नगर स्थित रामकृष्ण मिशन पब्लिक स्कूल दीपका में मातृ-पितृ पूजन दिवस, वरिष्ठ जनों का सम्मान तथा वार्षिक उत्सव कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम विद्यालय के डायरेक्टर-प्रिंसिपल धरम तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें सनातन संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों की सार्थक झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की विशेषता बच्चों द्वारा अपने माता-पिता का विधिवत पूजन रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इस पहल से विद्यार्थियों में संस्कार, कर्तव्यबोध और पारिवारिक सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व खाद्य आयोग अध्यक्ष ज्योति नंद दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री श्रीमती संतोषी दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष संगीता साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू प्रजापति, वार्ड पार्षद श्रीमती ज्योति तिवारी समेत अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ जनों का शॉल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया। साथ ही शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का उत्साहवर्धन हुआ।

अपने संबोधन में प्रिंसिपल धरम तिवारी ने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास ही विद्यालय का मूल उद्देश्य है, ताकि विद्यार्थी जिम्मेदार और सक्षम नागरिक बन सकें। कार्यक्रम में दीपका क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के संस्था प्रमुख भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में वाइस प्रिंसिपल नीतू पांडे, ज्योति यादव, गायत्री राठौर, मेघा तिवारी, नीलम, रानी प्रजापति, पार्वती यादव, किरण यादव सहित समस्त विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!