दीपका/सुभाष नगर दीपका में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक कार मरम्मत गेराज में कार्यरत कर्मचारी ने अपने ही मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। अहिल सर्विस पॉइंट के संचालक समी उल्लाह (43 वर्ष) पर उनके कर्मचारी दिवस राम यादव ने लोहे के सरिए से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना दोपहर करीब 2 बजे की है जब समी उल्लाह अपने गेराज में कार्यरत थे। इसी दौरान किसी पुराने रुपये के लेन-देन को लेकर उनका विवाद दिवस राम यादव से हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत्त दिवस राम ने समी उल्लाह पर लोहे के सरिए से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सर और कान में गंभीर चोट लगने के कारण समी उल्लाह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।घायल अवस्था में समी उल्लाह को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें न्यू कोरबा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।इधर घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दिवस राम यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष और दहशत का माहौल है।