दीपका (कोरबा):राम नवमी के पावन अवसर पर दीपका नगर पूरी तरह राममय हो गया। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत रामभक्त समिति दीपका-गेवरा द्वारा एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत मां समलाई मंदिर से हुई।
शोभायात्रा में श्रद्धा और भक्ति की ऐसी गूंज सुनाई दी कि नगर की गलियां ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठीं। शिव तांडव, राधा-कृष्ण लीला, काली नृत्य सहित विभिन्न जीवंत झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया और दर्शकों में अद्भुत उत्साह देखा गया।इस भव्य आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने शोभायात्रा को और गौरवपूर्ण बना दिया।
पूर्व खाद्य आयोग अध्यक्ष ज्योति नंद दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं जलपान भी वितरित किया गया।रामभक्त समिति द्वारा किए गए इस अद्भुत आयोजन ने नगर में धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और संस्कृति के प्रति प्रेम को एक नई ऊर्जा प्रदान की है।