शाजी थामस
पाली (कोरबा), 29 मार्च 2025: पाली थाना क्षेत्र में कोयला खदान पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयला खदान पर दबदबे को लेकर लंबे समय से दो गुटों में विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को पहले से इस विवाद की जानकारी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। रोहित के भाई ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।