शाजी थामस
दीपका। सुभाष नगर दीपका में बीती मध्यरात्रि बाइक सवार चोरों ने जमकर आतंक मचाया। चोरों ने कई मकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन मोहल्लेवालों की सतर्कता के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
चोरों ने सुभाष नगर निवासी पंकज कुमार सिंह के मकान का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान हुई आवाज से मोहल्ले के लोग जाग गए और बाहर निकल आए, जिससे घबराए चोर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पंकज कुमार सिंह अपने परिवार सहित वृंदावन होली मनाने गए हुए थे, जिस वजह से मकान पर ताला लगा था और चोरों ने इसे निशाना बनाया।
CCTV में कैद हुई चोरों की हरकतें।
चोरी की इस वारदात की तस्वीरें पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। मकान मालिक के सुबह घर लौटने पर उन्होंने तत्काल दीपका पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और चोरों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं।
गौरतलब है कि सुभाष नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले भी चोरों ने एक अन्य मकान को निशाना बनाया था। स्थानीय लोगों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आक्रोश और डर का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।