शाजी थामस
कोरबा, 15 मार्च। होली के रंगों के बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए सर्वमंगला चौकी पुलिस ने अपनी होली वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के संग एक अनोखे अंदाज में मनाई। पुलिस ने न केवल बुजुर्गों के साथ समय बिताया, बल्कि उन पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर होली का विशेष आनंद साझा किया।
एसएसआई विभव तिवारी अपने स्टाफ के साथ नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और उनके साथ स्नेहपूर्वक समय बिताया। पुलिस ने इस अवसर पर भोजन की विशेष व्यवस्था भी की और वृद्धाश्रम के सभी वरिष्ठ नागरिकों के साथ भोजन साझा किया।
वृद्धाश्रम के केयरटेकर वीरू यादव ने पुलिस टीम का स्वागत किया और उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की। उल्लेखनीय है कि एसएसआई विभव तिवारी समय-समय पर वृद्धाश्रम को सहयोग प्रदान करते रहते हैं।
20 वर्षों से बगैर अनुदान संचालित हो रहा वृद्धाश्रम।
नवदृष्टि समाजसेवी संस्था द्वारा संचालित प्रशांति वृद्धाश्रम पिछले 20 वर्षों से जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क आश्रय, भोजन और अन्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है। आश्रम समाज कल्याण विभाग के अधीन तो है, लेकिन इसे किसी भी प्रकार का सरकारी या गैर-सरकारी अनुदान नहीं मिलता। संस्था जनसहयोग और स्वयं के स्रोतों से इसका संचालन कर रही है।वर्तमान में आश्रम में 22 वरिष्ठ नागरिक निवासरत हैं, जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक है।
जरूरतमंद बुजुर्गों को यहां बिना किसी शुल्क के आश्रय और देखभाल प्रदान की जाती है।पुलिस द्वारा किया गया यह मानवीय कार्य समाज में आपसी प्रेम और सहयोग का संदेश देता है और यह दर्शाता है कि होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि संवेदनाओं और स्नेह का भी पर्व है।