Breaking

शाजी थामस

कोरबा– कोरबा नगर पालिक निगम के प्रतिष्ठापूर्ण सभापति चुनाव में युवा भाजपा पार्षद नूतन सिंह ठाकुर ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने कुल 33 मत प्राप्त कर सभापति पद पर कब्जा जमाया। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ बागी होकर चुनाव लड़ा था, बावजूद इसके पार्षदों ने उन पर भरोसा जताया।

चुनाव में भाजपा संगठन द्वारा घोषित उम्मीदवार हितानंद अग्रवाल मात्र 18 मतों पर सिमट गए, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अब्दुल रहमान को 16 वोट मिले। वहीं, एक मत निरस्त कर दिया गया। चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया नगर निगम के प्रशासक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत की देखरेख में संपन्न हुई।

पुरानी बस्ती से भाजपा पार्षद के रूप में निर्वाचित हुए नूतन सिंह ठाकुर की इस जीत ने पार्टी संगठन के फैसलों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षदों ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि संगठन द्वारा “थोपा गया नाम” स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अब चर्चा इस बात की हो रही है कि भाजपा नेतृत्व इस बगावत पर क्या रुख अपनाएगा।क्या पार्टी ठाकुर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी या इसे पार्षदों के स्वतंत्र निर्णय के रूप में स्वीकार करेगी, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल, कोरबा नगर निगम में यह चुनाव राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!