
शाजी थामस
गेवरा दीपका। सृष्टि महिला समाज सेवा संस्था, शक्ति नगर गेवरा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर CETI, गेवरा प्रोजेक्ट में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में तीन पीढ़ियों को संभालने वाली सास-बहू, शिक्षकों, पत्रकारों और ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5:00 बजे हुई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपल और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही, ग्राम पंचायत ढूंरेना की सरपंच सुभद्रा कंवर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण को समर्पित इस आयोजन में संगीत, नृत्य, लघु नाटक और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा “महिलाओं पर हो रहे अत्याचार” विषय पर एक प्रभावशाली लघु नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती गौरी चक्रवर्ती, सचिव श्रीमती रागिनी तिवारी और कोषाध्यक्ष सपना गुप्ता ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त करने और उनके सम्मान को बढ़ावा देने के लिए किया गया है।कार्यक्रम में गेवरा दीपका के पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे यह आयोजन बेहद सफल और यादगार बन गया।उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और महिला सम्मान में ऐसे आयोजनों को निरंतर बनाए रखने की माँग की।