शाजी थामस
दीपका: नगर पालिका दीपका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक असंतोष खुलकर सामने आ गया। जहां कांग्रेस पार्षदों ने कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत की तस्वीर मंच पर न होने के कारण समारोह का बहिष्कार किया, वहीं भाजपा के कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की तस्वीर भी फ्लेक्स में नहीं दिखी, जिससे भाजपा के भीतर भी असंतोष पनपने लगा है।
दोनों दलों के लिए चुनौती बना शपथ ग्रहण समारोह
नगर पालिका द्वारा बनाए गए आधिकारिक फ्लेक्स में न तो कांग्रेस विधायकों की तस्वीर थी, न ही सत्ता में मौजूद भाजपा के स्थानीय विधायक प्रेमचंद पटेल की। यह मुद्दा अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा के ही विधायक का मंच पर उल्लेख न होना, पार्टी के लिए भी आंतरिक चुनौती बन सकता है।हालांकि शपथ ग्रहण समारोह बिना किसी रुकावट के संपन्न हुआ, लेकिन कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल का मंच से नाम और फोटो गायब होना भाजपा के अंदर भी नए विवाद को जन्म दे सकता है।
पार्टी के भीतर इस मुद्दे को लेकर मंथन शुरू हो सकता है कि स्थानीय नेतृत्व को उचित सम्मान क्यों नहीं मिला।यह घटना नगर की राजनीति में नई खींचतान को जन्म दे सकती है। अब सवाल यह है कि क्या भाजपा विधायक प्रेमचंद पटेल इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया देंगे और कांग्रेस पार्षदों की शपथ ग्रहण प्रक्रिया आगे कैसे होगी। इस पूरे विवाद के बाद दीपका नगर पालिका में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
