दीपका। भारतीय जनता पार्टी की स्टार प्रचारक और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडेय ने आज दीपका में नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राजपूत और वार्ड पार्षदों के समर्थन में एक भव्य रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए नगर के समुचित विकास के लिए भाजपा को जिताने की अपील की।
भव्य रैली के साथ जनसमर्थन जुटाया।
रैली की शुरुआत हनुमान मंदिर, वार्ड क्रमांक 6 से हुई और यह बजरंग चौक, दीपका तक पहुंचकर एक जनसभा में परिवर्तित हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए सरोज पांडेय ने कहा,”दीपका का विकास केवल भाजपा की जीत से ही संभव है। कांग्रेस की झूठी घोषणाओं से सावधान रहें और विकास की राजनीति को प्राथमिकता दें। भाजपा ही वह पार्टी है, जो नगर के समुचित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।”उन्होंने मतदाताओं से नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राजपूत को भारी मतों से जिताने की अपील की।
भाजपा नेताओं ने जनता से किया संवाद
इस अवसर पर चुनाव प्रभारी राकेश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संतोषी दीवान समेत कई वरिष्ठ नेता और वार्ड पार्षद प्रत्याशी उपस्थित रहे।भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राजपूत ने प्रगति नगर कॉलोनी, वार्ड 12 और वार्ड 13 में जाकर पार्षद प्रत्याशी अरुनीश तिवारी और अभिलाष साहू के साथ जनसंपर्क किया और जनता से समर्थन मांगा।
“भाजपा सरकार की योजनाएं जनहित में” – सरोज पांडेय
सरोज पांडेय ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दीपका के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा की जीत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं आम जनता के हित में हैं और पार्टी नगर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।