शाजी थामस
दीपका नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नामांकन के साथ क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्मा दिया है। मंगलवार को दीपका क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा की नामांकन रैलियां निकाली जाएंगी ।जिसमें भारी संख्या में समर्थकों और स्थानीय नागरिकों से हिस्सा लेने की अपील की है।
कांग्रेस ने इस बार अध्यक्ष पद के लिए युवा और ऊर्जावान नेता विशाल शुक्ला को अपना उम्मीदवार बनाया है। विशाल शुक्ला ने क्षेत्र में श्रमिकों, युवाओं और आम जनता के साथ लंबे समय तक काम किया है। उनकी सक्रियता और जनता के बीच गहरी पकड़ ने उन्हें एक मजबूत प्रत्याशी के रूप में स्थापित किया है। उनके समर्थकों का मानना है कि वे दीपका नगर पालिका के लिए एक नई शुरुआत कर सकते हैं।
विशाल शुक्ला ने नामांकन से पहले अपने समर्थकों से आग्रह किया है कि “यह चुनाव सिर्फ एक पद के लिए नहीं, बल्कि दीपका के विकास और हर वर्ग की भलाई के लिए है। मैं अपने क्षेत्र के हर नागरिक की आवाज को प्राथमिकता दूंगा।
भाजपा का मजबूत इतिहास, कांग्रेस का नया जोश।
दीपका नगर पालिका के इतिहास में भाजपा का दबदबा रहा है। अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली में कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक 2 की पार्षद संतोषी दीवान के जरिए एक बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जरूर किया था, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद संतोषी दीवान ने भाजपा का दामन थाम लिया।इस बार कांग्रेस ने विशाल शुक्ला को मैदान में उतारकर एक नई ऊर्जा का संचार किया है। दूसरी ओर, भाजपा ने राजेंद्र राजपूत को अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जो लंबे समय से पार्टी की सेवा में सक्रिय हैं।
दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद क्षेत्र के मतदाताओं के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। कांग्रेस के विशाल शुक्ला और भाजपा के राजेंद्र राजपूत के बीच मुकाबला कांटे का नजर आ रहा है।
विशाल शुक्ला के समर्थन में जुटे कार्यकर्ताओं का मानना है कि वे क्षेत्र के विकास और जनसरोकारों के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके नेतृत्व में दीपका नगर पालिका एक नई दिशा में आगे बढ़ सकती है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दीपका क्षेत्र की जनता किसे अपनी उम्मीदों का प्रतिनिधि चुनती है। कांग्रेस और भाजपा के बीच यह मुकाबला क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखने के लिए तैयार है।