शाजी थामस
दीपका।गौरव पथ पर भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हाल ही में 27 जनवरी 2025 को प्रातः 8 बजे डीएवी स्कूल के पास एक दर्दनाक दुर्घटना हुई, जिसमें एक ट्रेलर (क्रमांक CG-13BA 5316) की चपेट में आने से पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दोनों के पैरों में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तनवीर अहमद, अरुणीश तिवारी, रजनीश तिवारी, अभिषेक सिंह समेत स्थानीय निवासियों ने थाने में आवेदन देकर इस समस्या को जनहित में सुलझाने की मांग की है। उन्होंने डीएवी स्कूल और अन्य स्कूलों के समय—प्रातः 7 से 9 बजे और दोपहर 1 से 3 बजे तक—गौरव पथ पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः रोक लगाने की अपील की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए अत्यधिक खतरनाक हो गया है। भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। विशेष रूप से स्कूल के समय भारी वाहन चालकों की लापरवाही से खतरा और बढ़ जाता है।
थाना दीपका में दर्ज शिकायत में निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही, कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर गति सीमा निर्धारित करने और यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।