शाजी थामस
दीपका।काफी चर्चा और अटकलों के बाद आखिरकार कांग्रेस ने दीपका नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने विशाल शुक्ला के नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें प्रत्याशी घोषित किया है।
विशाल शुक्ला लंबे समय से दीपका की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में रणनीतिक सलाहकार के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
युवा और ऊर्जावान नेता के रूप में उनकी पहचान क्षेत्र में गहरी है। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ और सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें मौका दिया है।
विशाल शुक्ला के परिवार का भी श्रमिक संगठन और सामाजिक कार्यों में बड़ा योगदान रहा है। उनके पिता लंबे समय तक इंटक के श्रमिक संगठन में उच्च पद पर कार्यरत रहे हैं। दीपका नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में सरकारी और गैर-सरकारी श्रमिक निवासरत हैं, जिनका समर्थन विशाल शुक्ला को मिलने की संभावना है।
विशाल शुक्ला ने कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य किया है और उनकी कार्यक्षमता एवं अनुभव का लाभ कांग्रेस को इस चुनाव में मिलने की उम्मीद है। उनके नाम की घोषणा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेताओं ने विशाल शुक्ला पर भरोसा जताते हुए उम्मीद जाहिर की है कि उनके नेतृत्व में दीपका नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत प्रदर्शन करेगी। अब देखना यह होगा कि विशाल शुक्ला आगामी चुनाव में किस प्रकार अपने अनुभव और युवा शक्ति का उपयोग करते हुए सफलता प्राप्त करते हैं।
![](https://koyalanchal.in/wp-content/uploads/2025/01/1002377849-855x1024.jpg)