शाजी थामस
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर कल विराम लगने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के तहत किरण देव ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस घटनाक्रम के बाद उनके फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनने की अटकलें तेज हो गई हैं।
निर्वाचन अधिकारी खूबचंद पारख ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शाम 5 बजे से 7 बजे तक चली। इस दौरान प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नितिन नबीन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया को लेकर संगठन में उत्साह का माहौल है।
21 दिसंबर 2023 को प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए किरण देव के नेतृत्व में भाजपा ने कई अहम रणनीतियां बनाई और संगठन को मजबूत किया। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य के हर कोने में अपनी विचारधारा को फैलाने और कार्यकर्ताओं को संगठित करने का कार्य किया।
छत्तीसगढ़ भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर विभिन्न वर्गों के नेताओं को मौका दिया है। अब तक इस पद पर ताराचंद साहू, लखीराम अग्रवाल, डॉ. रमन सिंह, नंद कुमार साय, विष्णुदेव साय, शिव प्रताप सिंह, रामसेवक पैकरा, धरमलाल कौशिक, विक्रम उसेंडी और अरुण साव जैसे नेता काबिज रह चुके हैं। वर्तमान अध्यक्ष किरण देव इस सूची में सामान्य वर्ग से आने वाले नेता हैं।
क्या फिर बने रहेंगे किरण देव प्रदेश अध्यक्ष?
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही यह चर्चा तेज हो गई है कि किरण देव ही आगामी कार्यकाल के लिए प्रदेश अध्यक्ष बने रह सकते हैं। उनके नेतृत्व को पार्टी के भीतर व्यापक समर्थन प्राप्त है।प्रदेश भाजपा के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करना आवश्यक है। अब सभी की नजरें इस पर हैं कि क्या किरण देव को एक और कार्यकाल मिलेगा या पार्टी कोई नया चेहरा सामने लाएगी।