![](https://koyalanchal.in/wp-content/uploads/2025/01/1002294243-3-619x1024.jpg)
शाजी थामस
दीपका। आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दीपका के भाजपा कार्यालय में प्रभारी राकेश तिवारी की उपस्थिति में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की और सभी 21 वार्डों में भाजपा के पार्षदों को जिताने का संकल्प लिया।कार्यशाला में जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, कटघोरा विधानसभा के विधायक प्रेमचंद पटेल और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योति नंद दुबे सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नेताओं ने जोर देकर कहा कि जहां एक से अधिक उम्मीदवार पार्षद पद के इच्छुक हैं वे आपस में समन्वय बनाकर केवल एक जीतने योग्य उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित करें।
नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का एक वर्ष पूरा हो गया है और इस दौरान किए गए कार्यों से जनता काफी संतुष्ट है। इसलिए इस बार सभी वार्डों में भाजपा के पार्षदों को जीताना जरूरी है।
प्रभारी ने यह भी कहा कि पिछले बीस वर्षों से नगर पालिका दीपका में भाजपा का अध्यक्ष रहा है संयोगवश अप्रत्यक्ष प्रणाली में कांग्रेस को जरूर साढ़े चार साल का मौका मिला है। भाजपा के 21 वार्डो में 10 पार्षद और एक निर्दलीय मिलकर बहुमत के बावजूद अध्यक्ष नहीं बन पाए मगर अब परिस्थितियां काफी बदल गई हैं इस बार भाजपा के पक्ष में मतदाता है।
जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने साफ तौर पर कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि यदि कोई भी व्यक्ति टिकट न मिलने पर असंतुष्टि जाहिर करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की सोच रहे हो तो उनके लिए पार्टी के नए गाइडलाइंस के अनुसार आगामी 6 वर्षों को भूल जाएं और उन्हें अब अगले 60 वर्षों तक भाजपा में किसी भी प्रकार का पद नहीं दिया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष पद के दावेदार पर भी हुई चर्चा।
कार्यशाला के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर भी आपसी समन्वय बनाने और सर्वसम्मति से निर्णय लेने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में दीपका क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष राजू प्रजापति, पूर्व मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश शर्मा, पार्षद अरूणीश तिवारी, वरिष्ठ नेता शिव चरण राठौर, मंजीत सिंह, बीना जायसवाल, राजेंद्र राजपूत, द्वारिका शर्मा, बुधवारा देवांगन और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संतोषी दीवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा संगठन को मजबूत करने पर किया गया फोकस।
कार्यशाला में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार में जुटने और भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा पर है और इसे बनाए रखना प्राथमिकता है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यशाला के जरिए अपनी रणनीति को मजबूत किया और निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत का संकल्प लिया।