![](https://koyalanchal.in/wp-content/uploads/2025/01/1002294243-1-619x1024.jpg)
शाजी थॉमस
कोरबा/महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय पाली महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में इस बैठक का नेतृत्व सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग ने किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए कई उपयोगी सुझाव दिए।पाली महोत्सव का आयोजन ग्राम पंचायत केराझरिया के मैदान में होगा। जनप्रतिनिधियों ने महोत्सव में स्थानीय लोक कलाकारों को अधिकतम अवसर देने की बात कही ताकि उनकी प्रतिभा को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, महिलाओं के लिए दर्शक दीर्घा में अलग से स्थान आरक्षित करने और पर्याप्त पेयजल तथा अस्थाई शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्स और अन्य माध्यमों से पूर्व जानकारी प्रसारित करने का सुझाव भी बैठक में रखा गया। जनप्रतिनिधियों ने महोत्सव के दौरान ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को प्रमुखता से प्रदर्शित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर, जिला पंचायत सदस्य, केराझरिया सरपंच, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार बंजारे उपस्थित रहे।
पाली महोत्सव को सफल बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर समर्पित प्रयास करने का संकल्प लिया। इस आयोजन से न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि स्थानीय कलाकारों और जनता के लिए एक नया मंच भी प्रदान होगा।