
शाजी थामस
कोरबा। दीपका नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों की दावेदारी का सिलसिला तेज हो गया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष बुधवारा देवांगन ने दीपका नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा को आवेदन देकर अपनी राजनीतिक सक्रियता और अनुभव का उल्लेख करते हुए इस पद के लिए समर्थन मांगा है।
बुधवारा देवांगन का राजनीतिक सफर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने भाजपा में विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। जिला उपाध्यक्ष, महिला मोर्चा की पूर्व उपाध्यक्ष, देवांगन समाज की जिलाध्यक्ष और नगर पालिका दीपका की पूर्व एल्डरमेन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर उन्होंने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है।
अनुभव और योगदान ने बढ़ाई दावेदारी की ताकत
बुधवारा देवांगन ने अपने आवेदन में बताया कि वे छात्र जीवन से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों में उन्होंने स्थानीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी की है। 2018 में गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय महिला अधिवेशन और रायपुर की युवा मोर्चा संकल्प रैली में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।उन्होंने 1999 के बाद से लोकसभा, विधानसभा और नगर पालिका चुनावों में उम्मीदवारों को लीड दिलाने में योगदान दिया है। उनके प्रयासों ने न केवल पार्टी की स्थिति को मजबूत किया है बल्कि क्षेत्र में भाजपा के प्रति विश्वास को बढ़ावा दिया है।
क्षेत्र में जनसमर्थन के लिए जुटा रहीं हैं समर्थन
बुधवारा देवांगन ने बताया कि वे क्षेत्र में सामाजिक कार्यों और जनसेवा के माध्यम से जनता के बीच एक प्रभावशाली छवि बना चुकी हैं। उनकी दावेदारी के साथ भाजपा की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। दीपका में भाजपा का नेतृत्व करने और नगर विकास की दिशा में काम करने के अपने संकल्प को उन्होंने प्रमुखता से रखा है।अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व उनकी दावेदारी पर क्या निर्णय लेता है और आगामी नगर पालिका चुनावों में भाजपा किस रणनीति के साथ उतरती है।