Breaking

शाजी थामस

कोरबा। नेटवर्किंग के जरिए महिलाओं को अच्छी कमाई का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली फ्लोरा मैक्स कंपनी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है जहां भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप लगाने में जुट गई हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने फ्लोरा मैक्स मामले में कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कंपनी का शुभारंभ किसी और ने नहीं बल्कि कोरबा की पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता रेनू अग्रवाल ने किया था। उन्होंने रेनू अग्रवाल और मुख्य आरोपी अखिलेश सिंह की तस्वीर साझा की जिसमें कंपनी की कोर कमेटी की सदस्य भी नजर आ रही हैं जो फिलहाल जेल में हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ठगों को बचाने के लिए आंदोलन को गुपचुप समर्थन दे रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर साधा निशाना इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि ठगी करने वाली कंपनियों से भाजपा नेताओं का नाम जुड़ना आम बात हो गई है। उन्होंने दावा किया कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के उद्घाटन में कृषि मंत्री लखनलाल देवांगन की संलिप्तता है। बघेल ने इसे भाजपा की “लूट-खसोट में भागीदारी” का उदाहरण बताया।

उत्कर्ष बैंक प्रबंधन ने दी सफाई।

इस विवाद के बीच उत्कर्ष बैंक के प्रबंधक मिश्रा ने भूपेश बघेल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन फ्लोरा मैक्स के उद्घाटन में नहीं गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवांगन उत्कर्ष बैंक के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे और तस्वीरों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

भाजपा ने आंदोलन के पीछे कांग्रेस की भूमिका बताई

भाजपा का कहना है कि फ्लोरा मैक्स कंपनी का मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे है, लेकिन छोटे एजेंटों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। भाजपा का दावा है कि कांग्रेस आंदोलन के जरिए इन ठगों को बचाने की कोशिश कर रही है।

राजनीतिक साजिश या ठगी के शिकार?

फ्लोरा मैक्स ठगी के शिकार महिलाएं अपने हक के लिए सड़कों पर हैं। उनका आरोप है कि कंपनी ने उन्हें बड़े सपने दिखाकर उनकी गाढ़ी कमाई लूट ली। दूसरी ओर, राजनीतिक दल इस मुद्दे को सियासी हथियार बनाकर एक-दूसरे पर वार कर रहे हैं।अब देखना यह है कि प्रशासन ठगी के शिकार लोगों को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है और सियासी विवाद का यह मामला कहां तक जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!