शाजी थामस ।
दीपिका नगर पालिका क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। विभिन्न दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान राजनीतिक समीकरण और पार्टी के अंदरूनी सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार राजू प्रजापति माने जा रहे हैं।
वैसे तो दीपिका में भारतीय जनता पार्टी मंडल का चुनाव काफी पेचीदा है क्योंकि अनेक दावेदार उभर कर सामने आ रहे हैं इन सब के बावजूद राजू प्रजापति की दावेदारी मजबूती के साथ सामने आई है, सूत्रों की माने तो लगभग तय मानी जा रहा है कि अंततः भारतीय जनता पार्टी मंडल दीपिका का अध्यक्ष राजू प्रजापति ही बनेंगे इसका सबसे प्रमुख कारण भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ज्योति नंद दुबे के करीबी होना माना जा रहा है।
बताया जाता है कि राजू प्रजापति श्री दुबे के बेहद करीबी और चहेते माने जाते हैं। हालांकि मंडल में वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी के कई खेमे हैं और सब की अपनी अपनी पसंद है बावजूद इसके सूत्रों ने यह दावा किया है कि राजू प्रजापति ही इस लड़ाई में बाजी मारेंगे।
सूत्रों के हवाले से यह भी खबर सामने आ रही है कि कहीं राजू प्रजापति का नाम किसी कारणवश हटता है तो सुजीत सिंह का भी नाम आगे आ सकता है जो कि श्री दुबे के बहुत ही करीबी माने जाते हैं।
चर्चा तो यह भी है नगर में कि भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज शर्मा की दिलचस्पी राजू हरीश नायर पर है । वहीं एक अन्य खेमे से राधे श्याम सिंह का नाम उभर कर सामने आया है।
हालांकि, भाजपा के बड़े नेता इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कह रहे हैं। पार्टी के आंतरिक सूत्रों का कहना है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर इस खबर के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना यह होगा कि पार्टी के उच्च नेतृत्व से कब इस पर आधिकारिक मुहर लगती है।