मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर स्थिति एक बार फिर से सामने आई है। मनेंद्रगढ़ विधानसभा के छिपछिपी गांव में एंबुलेंस न मिलने के कारण एक घायल महिला को खाट पर ले जाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा।जानकारी के अनुसार, महिला का पैर बैलों की लड़ाई के दौरान बुरी तरह टूट गया। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है।
इस स्थिति में मजबूर परिजनों ने खाट का सहारा लिया और महिला को पिकअप वाहन से मनेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल तक पहुंचाया।
यह घटना स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा को उजागर करती है। स्थानीय निवासियों ने एंबुलेंस सेवा की कुव्यवस्था को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से कई योजनाओं के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि एंबुलेंस सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पहले भी कई सवाल उठते रहे हैं। यह घटना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में उभरी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति सुधारने की जरूरत और अधिक स्पष्ट हो गई है।