शाजी थामस
रायपुर, 28 नवंबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्र सरकार ने स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत 147.66 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह राशि राज्य की दो प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं के लिए आवंटित की गई है।
*दो पर्यटन परियोजना हुए स्वीकृत।*
चित्रोत्पला फिल्म सिटी,माना तूता, रायपुर लागत ₹95.79 करोड़ राज्य में फिल्म निर्माण के लिए एक आधुनिक केंद्र का निर्माण, जो छत्तीसगढ़ को फिल्म पर्यटन के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाएगा दूसरा जनजातीय और सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर माना तूता, रायपुर लागत 51.87 करोड़ छत्तीसगढ़ की जनजातीय और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना और वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करना।
*मुख्यमंत्री के प्रयास और केंद्र की स्वीकृति*
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने 15 अक्टूबर 2024 को केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने लगभग 300 करोड़ रुपये के विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। केंद्र ने इनमें से फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर के लिए स्वीकृति प्रदान की।
*पर्यटन में नए अवसर ढांचे होंगे मजबूत।*
इन परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ में पर्यटन ढांचे को मजबूत किया जाएगा। राज्य की स्थानीय संस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। साथ ही, ये योजनाएं रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहन देंगी।
*पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर छत्तीसगढ़।*
ये पहल राज्य को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में सहायक साबित होगी। फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से राज्य में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आर्थिक समृद्धि को बल मिलेगा।