Breaking

शाजी थामस

बलौदाबाजार पुलिस ने रायपुर से छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश महामंत्री दिलीप मिरी को गिरफ्तार कर लिया है। दिलीप मिरी पर बलौदाबाजार के बहुचर्चित आगजनी कांड में शामिल होने का आरोप है। पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश में थी। इस मामले में पहले ही कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव जेल में हैं।

बलौदाबाजार अग्निकांड: एक नजर

बलौदाबाजार आगजनी कांड छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े प्रशासनिक विवादों में से एक है। इस घटना में कलेक्ट्रेट समेत कई सरकारी कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया गया था। साथ ही, सैकड़ों चौपहिया और दुपहिया वाहन जलकर राख हो गए थे। इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था।

दिलीप मिरी पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उन्हें 14 नवंबर 2024 को कोरबा जिले के कलेक्टर द्वारा प्रशासनिक कारणों से जिलाबदर किया गया था।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना संगठन ने किया था विरोध प्रदर्शन

जिला बदर के फैसले के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने इसे प्रशासन का तानाशाही कदम बताया था। संगठन के जिलाध्यक्ष अतुल दास महंत के नेतृत्व में समर्थकों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की थी।

पुलिस का कहना है कि बलौदाबाजार आगजनी कांड के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिलीप मिरी की गिरफ्तारी को इस दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की भी तलाश तेज कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!