कोरबा : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचंद्र की जन्म भूमि अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व अखिल भारतीय स्तर पर अनेक आयोजन सनातन हिंदू समाज की ओर से किया जा रह है। इस तारतम्य में संपूर्ण समाज को मंदिर दर्शन के लिए न्योता देने के उद्देश्य से अयोध्या में पूजित अक्षत कलश देश चारों दिशाओं में भेजे जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को अक्षत कलश शहर पहुंचा। जिसके स्वागत में पुष्पवर्षा के साथ शहरवासी उमड़ पड़े।
प्राचीन राम जानकी मंदिर सीतामढ़ी से शुक्रवार की शाम पूजा अर्चना के साथ शोभायात्रा प्रारंभ हुई। केसरिया ध्वज के साथ इसमें सभी समाज के लोग शामिल हुए। सप्तदेव मंदिर, मुख्य मार्ग, पावर हाउस रोड, टीपी नगर चौक पर यात्रा का भव्य स्वागत सत्कार हुआ। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के साथ अक्षत कलश का अभिनंदन किया। शोभायात्रा का समापन सीएसईबी चौक में हुआ। चौक के निकट गायत्री शक्तिपीठ में पूजा अर्चना के साथ अक्षत कलश की स्थापना कराई गई। अक्षत कलश की नित्य प्रति पूजा अर्चना और संकीर्तन के क्रम के बाद आगामी कार्यक्रम के अंतर्गत गृह संपर्क अभियान प्रारंभ किया जाएगा और लोगों को राम मंदिर दर्शन के लिए अक्षत के साथ न्योता दिया जाएगा। जिले में श्री राम जन्मभूमि सेवा महोत्सव समिति इस काम को संपादित कर रही है।
![](https://koyalanchal.in/wp-content/uploads/2023/12/Untitled-9.jpg)